सीपीआर, प्राथमिक उपचार और भूकंप से बचाव के गुर सिखाए, विद्यार्थियों को बनाया आत्मनिर्भर
भीमताल/ खनस्यू। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 15वीं वाहिनी द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज पतलोट एवं खन्स्यू में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन का विस्तृत और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण टीम कमांडर इंस्पेक्टर अमृतलाल मीणा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सीपीआर (CPR), एफवीओ (FVO), प्राथमिक उपचार (First Aid), भूकंप से बचाव तथा आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ टीम ने आपदा की स्थिति में त्वरित और सही निर्णय लेने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया तथा वास्तविक परिस्थितियों में उपयोगी तकनीकों का प्रदर्शन किया।
एनडीआरएफ के जवानों ने विद्यार्थियों को आपदा के दौरान घबराने के बजाय सतर्क रहने, स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दूसरों की मदद करने के लिए प्रेरित किया, जिससे छात्र अधिक सजग, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने एनडीआरएफ टीम द्वारा दिए गए इस जनहितकारी एवं प्रेरणादायक प्रशिक्षण की सराहना की और टीम कमांडर इंस्पेक्टर अमृतलाल मीणा, हेड कांस्टेबल नीरज, कांस्टेबल पवन, कांस्टेबल यशवीर एवं एमएफआर कमल चंद्र पनेरु का आभार व्यक्त किया।














