ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून में डीएम का स्टिंग ऑपरेशन: ओवररेटिंग पर खुद ग्राहक बनकर पहुंचे, 20 रुपये ज्यादा लेने पर 50 हजार का चालान

देहरादून। शराब के ठेकों पर लगातार मिल रही ओवररेटिंग की शिकायतों के बीच जिलाधिकारी सविन बंसल ने खुद मैदान में उतरकर कार्रवाई की। बिना किसी स्टाफ के और निजी वाहन खुद चलाकर वह ओल्ड मसूरी रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर सामान्य ग्राहक बनकर पहुंचे।

साधारण पैंट-शर्ट में पहुंचे डीएम को किसी ने पहचान नहीं पाया। उन्होंने लाइन में लगकर विभिन्न ब्रांड्स के दाम पूछे और फिर मैक डॉवेल की 660 रुपये एमआरपी वाली बोतल मांगी। सेल्समैन ने उनसे 680 रुपये वसूल लिए। जब जिलाधिकारी ने बोतल पर अंकित एमआरपी देखी तो 20 रुपये अधिक वसूले जाने की पुष्टि हो गई।

कुछ ही देर बाद जिलाधिकारी का सरकारी काफिला और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तब जाकर ठेके के कर्मचारियों को पता चला कि सामान्य ग्राहक के रूप में खड़े व्यक्ति स्वयं जिलाधिकारी हैं। यह जानकारी मिलते ही ठेके पर हड़कंप मच गया।

डीएम ने मौके पर स्टॉक की जांच की और ओवररेटिंग पाए जाने पर ठेका संचालक के खिलाफ 50 हजार रुपये का चालान किया। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को शहर के अन्य शराब ठेकों पर भी सघन जांच और छापेमारी के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेके पर अक्सर 20 से 25 रुपये अधिक वसूले जाते हैं। आपत्ति करने पर सेल्समैन ‘लेना हो तो लो, नहीं तो कहीं और से ले लो’ कहकर टाल देते हैं।

डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं से एमआरपी से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की आकस्मिक जांच जारी है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 14 फरवरी 2026

You missed

error: Content is protected !!