बेतालघाट कार्यक्रम विवाद: शीलू कुमार का प्रशासन पर सवाल, अनुमति 20 जनवरी को मिली, फिर भी कन्फ्यूजन क्यों?
रिपोर्ट: गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। बेतालघाट के मिनी स्टेडियम में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विरोधाभासी बयानों से विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शीलू कुमार ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट किया कि कार्यक्रम की विधिवत अनुमति पूर्व में ही प्राप्त कर ली गई थी।
शीलू कुमार के अनुसार मिनी स्टेडियम युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत आता है, इसलिए कार्यक्रम की अनुमति प्रांतीय रक्षक एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी से 20 जनवरी को ही ले ली गई थी। उन्होंने बताया कि युवा कल्याण विभाग द्वारा अनुमति पत्र की प्रतियां तहसीलदार बेतालघाट, थाना प्रभारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा खेल मैदान अधिकारी को भेज दी गई थीं।
आयोजकों का कहना है कि 21 जनवरी को जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों को भी ईमेल के माध्यम से कार्यक्रम की सूचना दी गई थी। इसमें जिलाधिकारी, एसएसपी, डीजी हेल्थ, सीएमओ और सीडीओ को अवगत कराया गया था।
विवाद तब गहराया जब पुलिस की ओर से बयान आया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, जबकि एसडीएम स्तर से कहा गया कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं थी, इसलिए सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। इस पर शीलू कुमार ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर स्पष्टता का अभाव दिख रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही मामले में अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उनका कहना है कि यदि अनुमति नहीं थी तो संबंधित विभागों को पहले ही स्पष्ट करना चाहिए था।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं और लोग प्रशासन से स्पष्ट जवाब की मांग कर रहे हैं।














