ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष समेत छह छात्र नेताओं पर मुखानी क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में घुसकर न्यूरो सर्जन डॉ. पुनीत कुमार गोयल पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है।

मामले में छात्रसंघ चुनाव के लिए रुपये न देने की रंजिश का आरोप पीड़ित डॉक्टर ने लगाया गया है। बीती पांच जुलाई की इस घटना का मुकदमा पुलिस ने सोमवार रात लूट, बलवा, धमकाने की धाराओं में नामजद दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लोहरियासाल मल्ला क्षेत्र के हिल्स व्यू कॉलोनी निवासी न्यूरो सर्जन डॉ. गोयल ने मुखानी थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे वह मुखानी नहर कवरिंग रोड स्थित रेडिएंट हॉस्पिटल में अपने केबिन में मरीज देख रहे थे।

आरोप है कि तभी छात्र नेता विशाल सैनी साथियों के साथ उनके केबिन में घुस आए। गिरहबान पकड़कर मारपीट करने लगा। आरोप है कि इस दौरान दराज से 40 हजार रुपये लूट लिए।

आरोप है कि कुछ देर बाद एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष सूरज रमोला, हितेश जोशी, राहुल मठपाल, मनिकेत तोमर, मोहित खोलिया और अन्य कुछ लोग भी आ गए।

आरोप है कि इन लोगों ने भी उन्हें पीटा। डॉ. गोयल ने जान बचाने के लिए पास के दूसरे अस्पताल में पनाह ली। हमलावर छात्रनेता उस अस्पताल में भी घुसे और उन्हें पीटते हुए बाहर खींच लाए और अपहरण की कोशिश की।

वहीं भीड़ जुटने पर हमलावर भाग गए। डॉक्टर को पीटने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

नैनीताल न्यूज़ 24 इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। इस मामले में छात्रसंघ अध्यक्ष सूरज रमोला से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन उनका फोन बंद था। 

न्यूरो सर्जन डॉ. पुनीत कुमार गोयल ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में उनसे दबंगई की गई। आरोप है कि छात्रसंघ चुनाव के लिए उनसे रुपये मांगे गए थे, मना करने पर उन्हें धमकी दी गई थी।

हालांकि अभी मुखानी पुलिस इस पहलू की जांच करेगी। वहीं डॉ. गोयल ने कहा कि पांच जुलाई की दोपहर उनके साथ यह घटना हुई थी।

यह भी पढ़ें :  अब जल्दी नहीं बुक कर पाएंगे LPG सिलेंडर, गैस के दाम बढ़ने के बाद नई सख्ती
error: Content is protected !!