आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काग्रेस कार्यकर्ताओ ने की नारेबाजी

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

 रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया और‌ भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।

बता दें कि रानीखेत के उपमंडल सल्ट विकासखण्ड में भाजपा मंडल अध्यक्ष पर बकरी चराने गई एक किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाने और उसके बाद पिछले पांच दिनों से पीड़िता के परिजनों को धमकाने का आरोप लगा है।

शुक्रवार को पीड़ित परिजनों द्वारा राजस्व उपनिरीक्षक देवायल में इस मामले में तहरीर दी थी। राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।

नाबालिग के परिजनों ने राजस्व पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शनिवार को उनकी नाबालिग बेटी अपने दो भाइयों के साथ बकरी चराने गई थी।

तभी डंगूला निवासी वहां पहुंचा और किशोरी के भाइयों को चॉकलेट देकर वहां से दूर भेज दिया। मौका पाकर आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और थोड़ी देर बाद वहां से फरार हो गया।

वही पीड़िता ने फोन से इसकी जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे घर ले आए लेकिन आरोपी घटना के बाद से लगातार पीड़िता के परिजनों पर शिकायत न करने और समझौता करने की धमकी देता रहा।

आज शनिवार को पीड़िता को मेडिकल के लिए स्व.गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय रानीखेत लाया गया।

जहां ब्लाक प्रमुख ताड़ीखेत हीरा सिह रावत के नेतृत्व में काग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर पीड़िता के परिवार से मुलाकात की और ढांढ़स बंधाया कि पार्टी उन्हें न्याय दिलाने के लिए लड़ेगी।

तत्पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक में एकत्रित होकर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। वही कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने मंडल अध्यक्ष को बचाने की कोशिश कर रही है जबकि इस घिनोने अपराध के लिए कड़ा रुख अपनाने की जरूरत है, उन्होंने कहा कि दोषी को फांसी की सज़ा होनी चाहिए।

ब्लाक प्रमुख हीरा सिंह रावत ने कहा कि इससे ज्यादा शर्म की बात और क्या हो सकती है की हमारी एक बिटिया को जांच के नाम पर बहुत देर तक एक कमरे में बंद रखा, और हॉस्पिटल प्रशासन द्वारा प्रताड़ित किया गया।

हमारे साथ कई वरिष्ठ पत्रकार और बुद्धिजीवी गए हुए थे, पर डॉक्टरों ने अपना बयान देने से मना कर दिया। इससे साफ स्पष्ट होता है कि भारतीय जनता पार्टी दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है।

अगर सरकार अब भी उन बलात्कारियों और दोषियों को बचाने की कोशिश करेगी तो उत्तराखंड में बेटियों का जन्म लेना ही पाप हो जाएगा।

कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार ने कहा किमहिलाएं भाजपा शासन में बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।

बलात्कार का एक मामला थमता नहीं कि दूसरा मामला खड़ा हो जाता है जो कि बहुत निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी इसकी घोर भर्त्सना करती है।

कांग्रेस नेता गोपाल देव ने कहा कि भाजपा के शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के जिम्मेदार नेताओं का इस तरह के मामलों में शामिल होना जाहिर करता है कि धामी सरकार के शासन में बेटियां बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी जाएगी, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष ताड़ीखेत गोपाल सिंह देव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रचना रावत, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, महिला नगर अध्यक्ष नेहा साह माहरा, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीपक पंत, उपसचिव विनीत चौरसिया, ज़िला पंचायत प्रतिनिधि हेमंत सिंह रौतेला, महिला ब्लॉक अध्यक्ष गीता सजवाण, यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत, कंचन आर्या, बसंती डोरीयाल, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश आर्या, चंदन बिष्ट, पंकज गुरुरानी, ललित मोहन आर्या, कैलाश उप्रैती सहित अन्य काग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 21 अक्टूबर2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.