पिथौरागढ़/धारचूला। जिले की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात हुआ। व्यास, दारमा और मल्ला जोहार की चोटियों पर मौसम की पहली बर्फबारी होने के बाद तापमान में भी गिरावट आई है। जहां चार दिन पूर्व पिथौरागढ़ का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था, वहीं मंगलवार को पारा गिरकर 21 डिग्री पहुंच गया।
चोटियों पर हिमपात होने से पर्यावरण प्रेमियों में खुशी है।
बीते कुछ दिनों से जिले के निचले इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इसी बीच ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम ने करवट बदली है। व्यास, दारमा और मल्ला जोहार की ऊंची चोटियों पर मौसम की पहली बर्फबारी हुई।
मंगलवार को पंचाचूली, राजरंगा, त्रिशूल पर्वत, हरदेवल सहित आसपास की चोटियों पर हिमपात हुआ। लंबे समय से बर्फ पिघलने से काली नजर आ रहीं ये चोटियां फिर से सफेद नजर आने लगीं हैं।
पंचाचूली शिखर की तलहटी में दस हजार फुट की ऊंचाई पर बसे ग्राम दांतू और सोन दुगतू में पिछले तीन दिन से बारिश के कारण काफी ठंड बढ़ चुकी है।
ग्राम दांतू के होम स्टे संचालक अभिराज सिंह दताल ने बताया कि गांव में हो रही लगातार बारिश के कारण पंचाचूली शिखर बादलों से ढका हुआ है। ठंड बढ़ने के कारण ग्रामीण अपने घरों में कैद हैं।
सितंबर महीने की शुरुआत में ही चोटियों पर बर्फबारी होने से प्रकृति और पर्यावरण प्रेमियों में खुशी है। प्रकृति प्रेमियों का कहना है कि इस बार ऊंची चोटियों के साथ ही जिले के अन्य हिस्सों में अच्छी बर्फबारी की उम्मीद है। बारिश के साथ ही चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद जिले के तापमान में गिरावट आने लगी है।














