हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग द्वारा मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थियेटर में मेडिकल नेगलिजन्स चिकित्सा असावधानी पर पैनल डिस्कशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एम0बी0बी0एस0 व पी0जी0 छात्र-छात्राओं को चिकित्सा असावधानी पर महत्वपूर्ण जानकारी देना था।
कार्यक्रम में विकास पांडे लीगल एक्सपर्ट, डा0 रितु रखोलिया विभागाध्यक्ष बाल रोग विभाग, डा0 पूजा हटवाल फोरंसिक विभाग, डा0 गणेश सिंह हड्डी रोग विभाग, डा0 पूजा अग्रवाल बाल रोग विभाग ने मेडिकल नेगलिजन्स पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कहा कि डाक्टर के लिए यह आवश्यक है कि वे किसी भी मरीज का ईलाज करते समय अपने ज्ञान और कौशल का इस्तेमाल करते हुए उचित सतर्कता बरतने का प्रयास करें।
यदि डाक्टर द्वारा उचित सतर्कता बरतते हुए चिकित्सकीय सेवा में ईलाज के दौरान किसी मरीज को क्षति हो जाती है तो डाक्टर को उसके लिए जिम्मेदार नही माना जाता है।
प्राचार्य डा0 अरूण जोशी ने कहा कि बाल रोग विभाग की यह सराहनीय पहल है इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजनों से भावी चिकित्सकों को चिकित्सकीय कानूनी जानकारी मिलती है।
जिसका लाभ मरीजों के उपचार में मिलेगा और चिकित्सकीय गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा। कार्यक्रम में संकाय सदस्य व एम0बी0बी0एस0 और पी0जी0 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





