ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी । नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें शहर के विकास और व्यवस्थाओं से जुड़े कुल 20 अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सख्त निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान पार्षदों ने सफाई व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए। उन्होंने बताया कि कुछ पर्यावरण मित्रों द्वारा सफाई के नाम पर अवैध रूप से धनराशि वसूली की जा रही है, वहीं बैनी सेना के अलावा अन्य माध्यमों से भी यूजर चार्ज लिया जा रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है। इस पर महापौर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक केवल अधिकृत बैनी सेना को ही यूजर चार्ज दें और उसकी रसीद अवश्य लें। उन्होंने निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि अवैध वसूली में लिप्त पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सफाई कर्मियों की उपस्थिति को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। पार्षदों ने शिकायत की कि कुछ कर्मचारी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्यस्थल से गायब हो जाते हैं। इस पर निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक माह संबंधित क्षेत्र के पार्षद द्वारा उपस्थिति प्रमाणित करने के बाद ही कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाएगा। जिनकी उपस्थिति प्रमाणित नहीं होगी, उनका वेतन रोका जाएगा।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकारियों को एक माह का समय दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि हर घर तक कूड़ा वाहन की नियमित पहुंच सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 216 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट पर भी चर्चा की गई। इसमें कार्यकारिणी समिति का गठन, राजपुरा में सार्वजनिक शौचालय निर्माण, नगर निगम की दुकानों के किराए में वृद्धि, फ्रेश वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, जजी कोर्ट के पास आंचल मिल्क कैफे खोलने, यूजर चार्ज में वृद्धि और 10,000 आवारा पशुओं के बंध्याकरण कार्यक्रम के साथ जेसीबी मशीन खरीद जैसे प्रस्ताव शामिल रहे।

इसके अलावा पार्षदों ने इंडियन गैस वितरण में आ रही समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। इस पर महापौर ने संबंधित गैस सर्विस प्रतिनिधि को तलब कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तोलिया, सहायक लेखाधिकारी, कर अधीक्षक सहित सभी पार्षद मौजूद रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों को शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष रोहित भाटिया ने वाल्मीकि सभा नेतृत्व की दौड़ में ठोकी ताल

You missed

error: Content is protected !!