हरिद्वार जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए चार हादसों में तीन छात्रों समेत पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
हादसों की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पहला हादसा हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में हुआ, जहां 19 वर्षीय आर्यन वर्मा की डंपर की टक्कर से मौत हो गई। आर्यन टिहरी में बीटेक का छात्र था और अपने स्कूल से टीसी लेने आया था। दोपहर को स्कूटर से लौटते समय डंपर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरा बड़ा हादसा भगवानपुर क्षेत्र के नन्हेड़ा अनंतपुर के पास हुआ। यहां 17 वर्षीय सोनी, 17 वर्षीय अमृत और 16 वर्षीय तेलूराम बाइक से कॉलेज से लौट रहे थे कि रामपुर चुंगी के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में अमृत और तेलूराम की मौके पर मौत हो गई, जबकि सोनी गंभीर रूप से घायल होकर हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक छात्र क्रमशः 12वीं, 10वीं और 9वीं कक्षा में पढ़ते थे।
तीसरा हादसा गैंडीखाता-लालढांग रोड पर हुआ, जहां कोटद्वार निवासी 19 वर्षीय प्रभाकर की बाइक पोल से टकरा गई। प्रभाकर एक फैक्ट्री में काम करता था। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हुए। चौथा हादसा कलियर क्षेत्र में हुआ।
जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में महमूदपुर निवासी आलीशान की मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और जांच शुरू कर दी है।





