हल्द्वानी। नए शिक्षण सत्र से पहले निजी विद्यालयों की मनमानी फीस वसूली और महंगी किताबें थोपने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है।
अभिभावकों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा है कि सभी निजी विद्यालयों के फीस स्ट्रक्चर की विस्तृत समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि शुल्क शासनादेशों के अनुरूप ही लिया जाए। किसी भी विद्यालय को मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके साथ ही स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर महंगी व अनावश्यक किताबें खरीदने का दबाव बनाने की प्रवृत्ति पर भी सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि कोई विद्यालय नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














