ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

यूपी पुलिस में 81000 भर्तियां इसी साल, सीएम योगी का बड़ा ऐलान; जानिए किन-किन पदों पर मिलेगी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी राहत और अवसर की घोषणा करते हुए कहा है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान यूपी पुलिस में 81 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी।

इस फैसले से जहां बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी और मजबूती मिलेगी।

गुरुवार देर शाम आयोजित पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ, मेरिट और आरक्षण नियमावली के अनुसार कराई जाएं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

इस मेगा भर्ती अभियान के तहत सब-इंस्पेक्टर (SI), आरक्षी सिविल पुलिस, रेडियो सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए और एसआई (गोपनीय) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें से कुछ भर्तियों की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों के जरिए प्रदेश को एक आधुनिक, तकनीक-सक्षम और मजबूत पुलिस बल मिलेगा।

सीएम योगी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए ट्रैप और सर्च ऑपरेशन बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही वित्तीय और साइबर अपराधों के खिलाफ तकनीक आधारित तेज कार्रवाई पर जोर दिया।

बैठक में यह भी बताया गया कि साइबर हेल्पलाइन 1930 की कॉल हैंडलिंग क्षमता 1,709 से बढ़ाकर 7,467 कॉल प्रतिदिन कर दी गई है। सतर्कता अधिष्ठान में लंबित 414 जांचों में से 340 को इस वर्ष पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा, पीआरवी-112 सेवा के रेस्पॉन्स टाइम को औसतन 6 मिनट तक लाने और अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए ‘एक तहसील-एक फायर टेंडर’ मॉडल लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण के निर्देश देते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

यह भी पढ़ें :  लोकसभा में अजय भट्ट ने उठाया ‘घोस्ट विलेज’ का मुद्दा, उत्तराखंड के खाली गांवों के पुनर्वास के लिए नई योजना की मांग
error: Content is protected !!