भिकियासैंण। अटल आदर्श इंटर कॉलेज चौनलिया के प्रांगण में ककलासों एकता मंच के तत्वावधान में आयोजित प्रथम दो दिवसीय ककलासों महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल तथा प्रसिद्ध लोकगायक शिव दत्त पन्त ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत तथा अल्मोड़ा मंडल की टीम द्वारा प्रस्तुत छोलिया नृत्य से हुई। इसके बाद लोकगायक शिव दत्त पन्त, बिशन हरियाला, पन्नू गोसाईं और दीपा पन्त ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव के दौरान लोकगायक दुर्गा सिंह एवं अन्य कलाकारों की लोकगीत एल्बमों का लोकार्पण किया गया। साथ ही धारा बल्लभ पांडे की पुस्तक ‘माँ, ममता और माटी’ तथा कुबेर सिंह कड़ाकोटी द्वारा अपने पुत्र की स्मृति में लिखी गई पुस्तक ‘यादों में कर्मयोगी संजय’ का विमोचन भी किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और विकास के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्षेत्र में हुए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में रीप परियोजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्वनिर्मित उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं नोएडा से आई चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।
ककलासों एकता मंच के अध्यक्ष बलराज नेगी ने कहा कि क्षेत्र की बोली, भाषा, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन शिव दत्त पन्त ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दिगंबर डंगवाल, कनिष्ठ प्रमुख किरण पांडे, ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

