भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम कौडार में होली का पर्व पूरे उत्साह, उल्लास और पारंपरिक रंगत के साथ मनाया गया।
सुबह से ही गांव में त्योहार जैसा माहौल देखने को मिला। घर-आंगन सजाए गए और लोग नए वस्त्रों में एक-दूसरे के घर बधाई देने पहुंचे।
इस अवसर पर समस्त ग्रामवासी एक स्थान पर एकत्रित हुए और आपसी प्रेम व सौहार्द के प्रतीक इस पर्व को सामूहिक रूप से मनाया।
युवाओं ने जहां ढोलक की थाप पर पारंपरिक कुमाऊंनी होली गीत गाए, वहीं बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर माहौल को और जीवंत बना दिया। महिलाओं ने भी लोकगीतों के माध्यम से सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाया।
गांव में रंग-गुलाल की खुशबू और हंसी-ठिठोली के बीच लोगों ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने भी रंगों से सराबोर होकर त्योहार का भरपूर आनंद लिया।
ग्रामवासियों का कहना है कि इस प्रकार के सामूहिक आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखते हैं, बल्कि गांव में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में भी इसी तरह परंपराओं को जीवित रखते हुए सामाजिक समरसता बनाए रखेंगे।






