ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चर्चित कैबिनेट विस्तार पर आखिरकार मुहर लग गई।

शुक्रवार को नवरात्र के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया।

इसमें राजपुर सीट से विधायक खजान दास, रुड़की विधानसभा से विधायक प्रदीप बत्रा, हरिद्वार से पांच बार के विधायक मदन कौशिक, नैनीताल के भीमताल सीट से विधायक राम सिंह कैड़ा, रुद्रप्रयाग सीट से विधायक भरत चौधरी शामिल हैं।

देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सभी नव-नियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास ने शपथ ली। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण कर समारोह को विशेष बना दिया। क्रमशः मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्रिपद की शपथ ली।

बताया जा रहा है कि धामी मंत्रिमंडल में पहले से पांच पद रिक्त थे, जिन्हें अब भर दिया गया है। नए मंत्रियों के चयन में पिछले चार वर्षों के कार्य प्रदर्शन को प्रमुख आधार बनाया गया। साथ ही क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट का गठन किया गया है।

प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और राज्य नेतृत्व के बीच कई दौर की बैठकों के बाद अंतिम निर्णय लिया गया।

सरकार और संगठन के बीच समन्वय स्थापित होने के बाद नवरात्र के पावन अवसर को शपथ ग्रहण के लिए चुना गया।

इस कैबिनेट विस्तार से जहां सरकार को मजबूती मिलने की उम्मीद है, वहीं आगामी राजनीतिक समीकरणों पर भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। 

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : डॉ. मंजुनाथ टीसी की सख्ती में चोरी का बड़ा खुलासा, अपराधियों में मची खलबली, मुखानी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन; 100-150 CCTV खंगालकर शातिर चोर दबोचा 13 लाख के सोने के जेवरात और नगदी बरामद, पुलिस टीम सम्मानित
error: Content is protected !!