ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

जाली आधार, पैन कार्ड बनाने वाले जनसेवा केंद्र का पर्दाफाश, ट्रांजिट कैंप के मछली बाजार में चल रहा था फर्जीवाड़ा

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के मछली बाजार में चल रहे एक फर्जी जनसेवा केंद्र का पुलिस और एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। यहां बिना पंजीकरण के आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जालसाजी का धंधा संचालित किया जा रहा था। मौके से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और उन्हें तैयार करने के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

छापेमारी में खुला राज

17 फरवरी को ट्रांजिट कैंप पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मछली बाजार स्थित गंगवार जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचौरा, थाना पटवाई, रामपुर (उप्र.) निवासी और वर्तमान में गड्ढा कॉलोनी शिमला बहादुर में रह रहे 21 वर्षीय चेतन कुमार को गिरफ्तार किया गया।

ऐसे होता था फर्जीवाड़ा

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिक्सेललैब एप्लीकेशन के जरिए ग्राहकों की फोटो, नाम और पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और अंकतालिकाएं तैयार करता था। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी पाने के लिए किया जाता था।

भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद

दुकान और आरोपी के मोबाइल की जांच में बड़ी संख्या में कूटरचित अंकतालिकाएं, फर्जी आधार-पैन कार्ड और उनकी डिजिटल प्रतियां बरामद हुईं। कंप्यूटर स्क्रीन पर भी तैयार की जा रही फर्जी मार्कशीट मिली हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस और एसटीएफ की सतर्कता से बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया है। कुछ अन्य लोग भी रडार पर हैं और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

यह भी पढ़ें :  कोचिंग संचालक ने नाबालिग छात्रा के साथ किया दुष्कर्म; मुकदमा दर्ज
error: Content is protected !!