हल्द्वानी। सोने के आभूषण बनाने के नाम पर धोखाधड़ी और जालसाजी का गंभीर मामला सामने आया है।
लामाचौड़ क्षेत्र में संचालित मां भगवती ज्वैलर्स का संचालक ग्राहकों से लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गया। मामले के सामने आने के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं और लोग शिकायत लेकर हल्द्वानी स्थित एसएसपी कार्यालय पहुँचे।
पीड़ितों के अनुसार ज्वैलर ने नए गहने बनाने, पुराने जेवर ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर लोगों से करीब 228.3 ग्राम सोना और भारी मात्रा में नकदी ली थी। आरोप है कि आरोपी 6 फरवरी को दुकान बंद कर फरार हो गया, जिसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
शिकायत में बताया गया कि मां भगवती ज्वैलर्स का संचालन नरेंद्र सिंह रावत और उनकी पत्नी पूजा रावत द्वारा किया जा रहा था, जो मूल रूप से ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) के निवासी बताए जा रहे हैं। नरेंद्र रावत लंबे समय से क्षेत्र में रहकर लोगों का विश्वास जीतता रहा और इसी भरोसे पर उसने ग्राहकों से सोना व नकदी जमा कराई।
एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में सात लोगों ने अपनी आपबीती दर्ज कराई है। पीड़ित पूरन सिंह बोहरा ने 40.550 ग्राम सोने के गहने और 100 ग्राम का सोने का सिक्का देने की बात कही। बसंती देवी ने 21.280 ग्राम सोना, 50 हजार रुपये नकद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। पुष्पा कन्याल ने 20 ग्राम सोना और 1.85 लाख रुपये नकद, जबकि हेमलता दानू ने 26.4 ग्राम सोना, 27 हजार रुपये नकद और 48 हजार रुपये ऑनलाइन जमा कराए थे। पीड़ितों का दावा है कि कुल ठगी की रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि सोमवार को मुखानी थाने में शिकायत करने पर उनकी बात नहीं सुनी गई, जिसके बाद वे एसएसपी कार्यालय पहुँचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एसओ मुखानी सुशील जोशी और एसओजी टीम को आरोपी की तलाश और जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।














