सिरफिरे ने युवती की चापड़ से गला रेतकर हत्या, पुलिस शिकायत के बावजूद नहीं मिली सुरक्षा
देहरादून। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र मच्छी बाजार में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक सिरफिरे युवक ने सरेआम युवती के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान खुड़बुड़ा निवासी 22 वर्षीय गुंजन श्रीवास्तव उर्फ गुन्नु के रूप में हुई है। आरोपित आकाश कुमार (27), निवासी मन्नूगंज, को पुलिस ने मौके के पास से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुंजन और आकाश एक-दूसरे को पिछले दो वर्षों से जानते थे। इसी दौरान आकाश की शादी हो गई, जिसके बाद गुंजन ने उससे दूरी बना ली।
इससे नाराज आकाश लगातार उसका पीछा करता रहा और धमकियां देता रहा। गुंजन ने 31 जनवरी को खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी और हमले की आशंका जताई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे गुंजन अपनी स्कूटी रिश्तेदार के घर खड़ी करने पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलते ही आकाश चापड़ लेकर वहां पहुंच गया और विवाद करने लगा। अचानक उसने गुंजन पर हमला कर दिया। पहले वार में गुंजन ने बचाव करते हुए हाथ आगे किया, जिससे उसकी एक अंगुली कट गई।
इसके बाद दूसरे वार में आरोपित ने उसके गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों ने गुंजन को तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपित से पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस घटना ने महिला सुरक्षा और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














