राजधानी देहरादून में किराएदारों का खूनी संघर्ष: 45-50 युवकों ने घर में घुसकर किया हमला, अस्पताल में भी मारपीट
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र स्थित पंजाबी कॉलोनी में दो किराएदारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ऊपरी मंजिल पर रहने वाले किराएदारों ने नीचे रहने वाले परिवार पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़िता रूबी कुरैशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना 9 मार्च की रात की है। उस समय वह अपने घर में बैठे थे। इसी दौरान अरशद कुछ युवकों के साथ ऊपर की मंजिल की ओर जा रहा था। रूबी के छोटे भाई ने उनसे पूछा कि वह किसके यहां जा रहे हैं, जिस पर अरशद भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने तुरंत कंट्रोल रूम पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चौकी बुलाया। इसी बीच घर से फोन आया कि अरशद करीब 45–50 युवकों के साथ उनके घर पहुंच गया है और तोड़फोड़ कर रहा है।
रूबी का आरोप है कि जब वह घर पहुंचे तो आरोपितों ने चाकू और डंडों से हमला कर दिया। हमले में रूबी, अब्बास, उनकी मां और रहिश कुरैशी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां आरोप है कि एक महिला के साथ थप्पड़ मारने की घटना भी हुई।
उत्तराखंड पुलिस ने इस मामले में अरशद, आरिफ, मोनिस, आसिफ, अहमद उर्फ भवानी, उजैर समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





