नई दिल्ली। रिपब्लिक डे कैंप (RDC)–2026 में 5 यूके नेवल एनसीसी के कुल 18 कैडेट्स का विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के लिए चयन हुआ, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल तथा उत्तराखंड राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
आरडीसी–2026 के अंतर्गत आयोजित शिप मॉडलिंग प्रतियोगिता में सीनियर कैडेट कैप्टन निष्ठा जोशी एवं कैडेट तुषार पांडेय का चयन किया गया। दोनों कैडेट्स ने शिप मॉडलिंग विषय पर माननीय रक्षा मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS), चीफ ऑफ नेवल स्टाफ (CNS), थलसेना प्रमुख (COAS) तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री को विस्तृत ब्रीफिंग दी।
उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए एससीसी निष्ठा जोशी की विशेष सराहना की गई और उन्हें प्रशंसा स्वरूप पिन भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में लीडिंग कैडेट करन सिंह राणा का चयन नेवल प्लाटून के गार्ड कमांडर के रूप में हुआ। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, सीडीएस, सीएनएस, सीओएएस एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों को गार्ड प्रस्तुत किया। साथ ही, कैडेट करन सिंह राणा ने एनसीसी कंटिंजेंट का नेतृत्व करते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर कुमाऊँ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
नेवल एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रपति भवन भ्रमण का भी अवसर प्राप्त हुआ, जहाँ उन्होंने माननीय राष्ट्रपति से भेंट की, जो उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा।
इसके अतिरिक्त, कैडेट भूमिका जलाल का चयन आरडीसी–2026 में उत्तराखंड निदेशालय की झांकी (Tableau) के प्रतिनिधित्व हेतु किया गया। वहीं नेवल कैडेट्स मनीष महरा, सुशांत सिंह राणा, हरविंदर सिंह, पायल भोज, दीपांजलि, गीतांजलि एवं पायल जलाल ने प्रधानमंत्री रैली में सहभागिता कर अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी सब लेफ्टिनेंट प्रो. रीतेश साह ने कहा कि आरडीसी–2026 में नेवल एनसीसी कैडेट्स का चयन और उनका प्रदर्शन यह दर्शाता है कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय के युवा राष्ट्रसेवा, नेतृत्व और अनुशासन के उच्च मानकों पर खरे उतर रहे हैं। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।





