खेत में रोपाई के दौरान बिजली गिरने से भाई बहन की मौत, सीजन की पहली बारिश राणा परिवार पर आपात बनकर टूटी
खटीमा। सीजन की पहली बारिश में खेत में रोपाई के दौरान बिजली गिरने से गोविंद सिंह ने बेटे के रूप में अपने घर के चिराग को तो खोया ही, इकलौती बेटी की मौत से उनके परिवार की रौनक भी चली गई।
दोनों बच्चों की मौत से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की सुनसानी को चीरता मां का करुण क्रंदन लोगों को रुला रहा है।
परिजनों ने बताया कि लंबे समय से इंतजार के बाद भी बारिश न होने के कारण सैजना निवासी गोविंद सिंह ने अपने खेतों में धान की रोपाई शुरू की थी।
रविवार रात को उनके परिवार ने खेतों में ट्यूबवेल से पानी भरा था ताकि सोमवार सुबह धान की रोपाई कर सकें। सुबह गोविंद अपनी मां संक्रांति देवी, बहन सुहावनी और भाई सुमित के साथ खेत मे धान की रोपाई कर रहे थे।
इस दौरान अचानक बारिश हुई तो उनके चेहरे खिले ही थे कि अचानक बिजली गिरने से सुहावनी और सुमित बुरी तरह झुलस गए। गोविंद ने बताया कि इस वर्ष सुहावनी का विवाह करने की तैयारी थी, लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था।
उन्होंने बताया कि सुमित मजदूरी करता था। वह तीन भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर का था, जबकि सुहावनी दूसरे नंबर की थी।
सुहावनी और सुमित के बड़े भाई गोविंद ने बताया कि खेत में बिजली गिरने के दौरान तेज धमाका हुआ। इससे वह और उनकी मां दूर जा गिरे। अचानक हुए हादसे से वे संभले ही थे कि खेत में भाई-बहन को अचेत देख सहम गए।
कुछ देर तो वह और उनकी मां बदहवास रहे। चेतना लौटी तो लोगों को मदद के लिए पुकारने लगे। कुछ देर बाद उनकी चीखपुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
जिसने भी दुखद घटना के बारे में सुना, वह अस्पताल पहुंचा
भाई-बहन की मौत की दुखद घटना के बारे में जिसने भी सुना, वह खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचा। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे लोग परिजनों को सांत्वना देते नजर आए।
खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नंदन खड़ायत, दान सिंह राणा, रमेश राणा, विमला बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, रमेश राणा, डॉ.नवीन भट्ट, सतीश गोयल, मनोज वाधवा, रमेश जोशी आदि थे।
खटीमा में दो साल पहले भी बिजली गिरने से हुई थी महिला की मौत
खटीमा में लगभग दो साल पहले भी बिजली गिरने से नदन्ना निवासी नरगेस देवी की मौत हो गई थी। तब हादसे में नदन्ना निवासी प्रियांशी राणा, निशा राणा और श्रीपुर बिचवा निवासी कौशल्या देवी घायल हो गई थीं।














