ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पूर्व फौजी की पत्नी की सर कुचल कर हत्या, घर में रह रही थी अकेले, कॉलोनी में दहशत का माहौल

उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सीमांत क्षेत्र की देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में अकेली रह रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घर के अंदर संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई।

महिला के सिर, चेहरे और गले पर किसी भारी वस्तु से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस कमरे से शव बरामद हुआ, उसका दरवाजा बाहर से ताला लगा हुआ था। घटना के बाद से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है।

मृतका की पहचान जानकी चंद पत्नी स्वर्गीय हरीश चंद के रूप में हुई है। जानकी चंद अपने दो मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में अकेली रहती थीं, जबकि नीचे के हिस्से में एक दंपती किराए पर रहता था। बुधवार रात जब महिला का शव मिला तो आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

परिजनों के अनुसार, जानकी चंद का इकलौता पुत्र सूरज भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट में कार्यरत है और वर्तमान में पंजाब में तैनात है। वहीं उनकी दो बेटियां पूनम और सुमन दिल्ली में रहती हैं। मां की हत्या की सूचना मिलते ही दोनों बेटियां बृहस्पतिवार सुबह खटीमा पहुंचीं।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में संदेह के आधार पर पुलिस ने मकान में रहने वाले किरायेदार दंपती को हिरासत में लेकर कोतवाली में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में निजी स्कूलों पर प्रशासन सख्त, मनमानी फीस और महंगी किताबों पर लगेगी रोक
error: Content is protected !!