ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

चीख-पुकार में बदली सुबह: उत्तराखंड में बस खाई में गिरी, तीन की गई जान

देहरादून। उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कालसी क्षेत्र अंतर्गत कुआनु–मीनाक रोड पर मालसी इलाके में हिमाचल प्रदेश रोडवेज (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 31 अन्य यात्री घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना हिमाचल–उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्र में हुई है।

दुर्घटनाग्रस्त बस एचआरटीसी के नेरवा डिपो की थी, जिसका नंबर एचपी-66ए-2588 है। बस नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी और उसमें कुल 34 यात्री सवार थे। बस में चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश चंद तैनात थे। एचआरटीसी के अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क संकरी होने के कारण सामने से आ रहे वाहन को पास देने के प्रयास में चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना कंट्रोल रूम देहरादून को दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ को अलर्ट किया गया। सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से टीमें घटनास्थल पर रवाना की गईं।

एसडीआरएफ, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। गहरी खाई और दुर्गम क्षेत्र के कारण रेस्क्यू में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 29 जनवरी 2026

You missed

error: Content is protected !!