ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। विक्रम नव संवत्सर के अवसर पर श्री राम सेवक सभा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के माध्यम से नववर्ष का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्य, नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल तथा अधिवक्ता प्रकाश पांडे द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों ने उपस्थित जनसमूह को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान पंडित भगवती प्रसाद जोशी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उपस्थित लोगों का राशिफल वाचन कर नव संवत्सर के महत्व और विधि-विधान की जानकारी दी।

सभा के बाल कलाकारों ने महिषासुरमर्दिनी, रक्तबीज वध, देवी भगवती, नवदुर्गा भजन और सरस्वती वंदना जैसी प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

शैलपुत्री से लेकर सिद्धिदात्री तक नौ रूपों का नाट्य रूपांतरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने कार्यक्रम में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा का संचार किया। 

विक्रम संवत 2083, शक संवत 1948 और उगाब्ध 5128 के अवसर पर आयोजित 30वें फागोत्सव के तहत कुर्मांचल नगर सहकारी बैंक लिमिटेड द्वारा प्रायोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में डॉ. मोहित सनवाल को प्रथम पुरस्कार (7500 रुपये), शमशेर सिंह शम्भू को द्वितीय (5000 रुपये) तथा मौलिख सनवाल को तृतीय (3500 रुपये) पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं सांत्वना पुरस्कार के रूप में सुरेश कांडपाल, कल्याणी तिवारी, विमल जोशी और प्रमोद कुमार को 1000-1000 रुपये नगद व ट्रॉफी दी गई। 

कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया, जबकि संगीत संयोजन नवीन बेगाना और दिया ने संभाला।

इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण नववर्ष के उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, बारिश-बर्फबारी का दौर जारी; 24 मार्च तक अलर्ट
error: Content is protected !!