उत्तराखंड में ‘अपणि सरकार’ पोर्टल के जरिये बनने वाले प्रमाणपत्रों के साथ बिजली-पानी जैसी सेवाओं के बिल भी उपभोक्ताओं को वॉट्सऐप नंबर पर मिलेंगे। आईटीडीए ने वॉट्सऐप के साथ इसका करार कर लिया है।
उत्तराखंड सरकार प्रमाण-पत्र जारी करने की व्यवस्था काफी हद तक डिजिटल मोड में कर चुकी है। इसके लिए आईटीडीए के अधीन संचालित ‘अपणि सरकार’ पोर्टल काम कर रहा है, जिस पर सरकारी विभागों के तमाम प्रमाण-पत्रों के साथ ही आठ सौ से अधिक सेवाएं आम लोगों को ऑनलाइन माध्यम से प्रदान की जा रही हैं।
इसमें पेंशन आवेदन, जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कॉर्ड के साथ ही केंद्र सरकार के अधीन आने वाली पैन और आधार कार्ड जैसी सेवाएं भी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
आवेदन करने वाले लोगों को कॉमन सर्विस सेंटर के जरिये प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाता है। मगर, पहाड़ी क्षेत्रों में सीएससी नेटवर्क बहुत विस्तार नहीं पा सका है, इसलिए अब आईटीडीए ने प्रमाणपत्र आवेदक के वॉट्सऐप नंबर पर भी भेजने की व्यवस्था कर दी है।
अब विभाग प्रमाणपत्र यूजर की ओर से दिए गए वॉट्सऐप नंबर पर उपलब्ध करा देंगे। साथ ही लोग आवेदन का स्टेटस भी वॉट्सऐप पर पा सकेंगे। यह सभी सेवाएं चूंकि सेवा का अधिकार के तहत नोटिफाइड हैं, इसलिए तय अवधि का पालन होगा।
आईटीडीए निदेशक नीतिका खंडेलवाल ने कहा कि वॉट्सऐप से अनुबंध संग ही तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, जल्द उक्त सेवा शुरू हो जाएगी।
पहले चरण में लोगों को प्रमाणपत्र वॉट्सऐप पर दिए जाएंगे, बाद में बिजली एवं पानी जैसी उपभोक्ता सेवाओं के बिलों को भी शामिल किया जा सकता है।














