भीमताल (नैनीताल)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विज्ञान संचेतना कार्यक्रम का समापन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाइसेला, भीमताल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और वैज्ञानिक सोच विकसित करना था।
कार्यक्रम में डाइट के प्राचार्य सुरेश चंद्र आर्य ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि विज्ञान जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी है और जिज्ञासा तथा प्रयोग के माध्यम से ही ज्ञान का विस्तार होता है।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. पूरन सिंह बुंगला ने किया।
उन्होंने बताया कि बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान से जुड़े लगभग 15 प्रयोग कराए गए, जिससे उन्हें विषय को समझने का व्यावहारिक अनुभव मिला।
कार्यशाला में संदर्भदाता के रूप में श्रीमती गीता नेगी और श्री संतोष कुमार जोशी ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य शर्मा जी, तिलक बृजवासी, काण्डपाल, पालरिया सहित विद्यालय के विभिन्न अध्यापक उपस्थित रहे। इस दौरान करीब 48 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विज्ञान के प्रयोगों में अपनी प्रतिभा दिखाई।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों में विज्ञान के प्रति आकर्षण बढ़ता है और उन्हें नई सीखने की प्रेरणा मिलती है।





