ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

उत्तरकाशी हादसे के प्रभावित परिवारों के बीच सहायता राशि का वितरण शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर धराली गांव के आपदा प्रभावित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि का वितरण शुरू किया गया है।
उत्तरकाशी डीएम प्रशांत आर्य और क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान ने सोमवार को धराली गांव में जाकर आपदा प्रभावितों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। धराली में आपदा प्रभावित 98 प्रभावितों के लिए सहायता राशि के चेक मौके पर वितरण के लिए भेजे गए थे। चेक वितरण की कार्रवाई अभी भी चल रही है।

धराली आपदा के प्रभावित परिवार के बीच सोमवार को सरकार के अधिकारी और मंत्री पहुंचे। प्रशासन की ओर से बनाए गए राहत शिविरों आज प्रभावित लोगों के साथ जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने भोजन किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ है। आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

मंत्री और डीएम ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में आम जीवन को पटरी पर लाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे है। राहत शिविरों में प्रभावितों के रहने-खाने तथा चिकित्सा सहायता की समुचित व्यवस्था की गई है।
पुनर्वास पैकेज देने की घोषणा

सीएम धामी ने कहा कि धराली में आई आपदा में स्थानीय लोगों की बागवानी, पशु, होमस्टे, होटल आदि के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए हम विशेष पैकेज देंगे।

जोशीमठ आपदा की तरह ही धराली के भी प्रभावित लोगों को विशेष पैकेज के दायरे में लाया जाएगा। प्रभावित लोगों के लिए आटा, दाल, चावल, कपड़े और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भेजी जा रही हैं।
ब्रिज बनने की जानकारी

सीएम धामी ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। सड़क कनेक्टिविटी को सुचारु करने के लिए भी हम निरंतर कार्य कर रहे हैं।

लिमचीगाड में मात्र तीन दिनों में बना बेली ब्रिज इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। सीएम ने कहा कि लिमचीगाड के बेली ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। पुल आवागमन के लिए खोल दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इस पुल के माध्यम से न केवल राहत सामग्री और मशीनरी तेजी से आगे भेजी जा रही है, बल्कि स्थानीय लोगों की आवाजाही भी फिर से सुचारू हो गई है।

आपदा के इस कठिन समय में हमारी सरकार जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें :  क्रिकेट लीग के नाम पर ठगी: विकास के मोबाइल से खुलेगा फर्जीवाड़े का राज, पुलिस मांगेगी कस्टडी

You missed

error: Content is protected !!