ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भवाली नाबालिग गर्भावस्था मामला: डेमोग्राफिक चेंज को लेकर पहाड़ों में उबाल, सांसद अजय भट्ट बोले—सरकार उठा रही है सख्त कदम

नैनीताल। भवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने के मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। घटना को लेकर स्थानीय संगठनों और नागरिकों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पहाड़ी क्षेत्रों में तेजी से हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव (डेमोग्राफिक चेंज) से सामाजिक संतुलन बिगड़ रहा है, जिसे लेकर सरकार को ठोस और सख्त कदम उठाने चाहिए।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने भवाली की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में लगातार डेमोग्राफिक चेंज हो रहा है, जो चिंता का विषय है और इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। सांसद ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस दिशा में गंभीर है और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।

सांसद अजय भट्ट ने यह भी कहा कि नाबालिग से जुड़ा यह मामला कानून-व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों के लिहाज से गंभीर है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किए जाने की बात कही कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़िता को हरसंभव कानूनी व सामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

इधर, भवाली समेत आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बाहरी अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पहाड़ी क्षेत्रों की सामाजिक संरचना पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।

प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच तेज कर दी गई है और पीड़िता के संरक्षण के साथ-साथ दोषियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : काठगोदाम में भारत स्काउट-गाइड का भव्य प्रशिक्षण शिविर, 170 से अधिक प्रशिक्षक ले रहे हैं प्रशिक्षण

You missed

error: Content is protected !!