हल्द्वानी। स्वराज्य आश्रम “कांग्रेस भवन” में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस ने सदस्यता अभियान को और मजबूती दी। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने की, जिसमें नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल की मौजूदगी में सैकड़ों जनप्रतिनिधियों और युवाओं को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
इसी क्रम में भीमताल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में धारी ब्लॉक के पोखरी गांव निवासी सेवानिवृत्त प्राध्यापक शम्भु दत्त थुवाल और दुदुली ग्राम सभा के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश चंद्र आर्या ने भी कांग्रेस पार्टी में अपनी आस्था जताते हुए सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नव-समर्थकों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस की विचारधारा से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता “हाथ के पंजे” को अपना प्रत्याशी मानकर पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख रामगढ़ लाखन सिंह नेगी, भुवन सिंह दर्मवाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष भीमताल देवेंद्र सिंह चनौतिया, गणेश आर्या सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

