ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। सीएमटी कॉलोनी में गुरुवार को भवन निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा एक मजदूर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के साथ ही पास स्थित एक आवासीय मकान में भी करंट फैल गया, जिससे घर की पूरी वायरिंग, बिजली मीटर और टीवी, फ्रिज, पंखे समेत अन्य विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए। इसके अलावा कपड़े और रजाई-गद्दे भी जल गए।

गनीमत रही कि मकान में मौजूद लोगों की जान बच गई, हालांकि भवन स्वामी के हाथ में चोट आई है। करंट से झुलसे मजदूर को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

प्रभावित मकान मालिक बसंत बल्लभ पाठक ने बताया कि उनके घर से सटे मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार करीब 11:30 बजे वे अपनी दुकान पर थे, तभी घर से तेज धमाके की आवाज आई।

बाहर आकर देखा तो बिजली मीटर फट गया था और उसके टुकड़े बिखर गए थे। बिजली की सप्लाई लाइन टूटकर सड़क पर गिर गई। बाद में घर के अंदर जाकर देखा तो टीवी, फ्रिज, पंखे और बल्ब तक फुंक चुके थे।

उधर, पड़ोसी मकान में काम कर रहा मजदूर करंट से झुलस गया। प्रारंभिक जांच में भूतल के किचन की खिड़की की जाली जली हुई मिली है और पड़ोसी दीवार में छेद दिखाई दे रहा है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि ड्रिल मशीन से छेद करते समय वह दीवार के पार होकर बसंत पाठक के घर की लोहे की जाली से टकरा गई होगी, जिससे अर्थिंग होने पर यह हादसा हुआ।

वहीं, ऊर्जा निगम ने इस मामले में फिलहाल जिम्मेदारी से हाथ खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठा रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  रेलवे भूमि पर अतिक्रमण को सुप्रीम कोर्ट का सख्त संदेश: हल्द्वानी में रेलवे की जमीन खाली करनी होगी, पीएमएवाई का विकल्प दिया

You missed

error: Content is protected !!