उधम सिंह नगर। रुद्रपुर निवासी एक युवक से 24.70 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को एसटीएफ और साइबर क्राइम थाना पंतनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गदरपुर क्षेत्र से पकड़ा गया।
रविवार को मामले का खुलासा करते हुए एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक ने दिसंबर 2025 में साइबर क्राइम थाना पंतनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि अक्तूबर से दिसंबर 2025 के बीच उसके व्हाट्सएप पर ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग से जुड़े संदेश भेजे गए।
आरोपियों ने खुद को एक कंपनी का प्रतिनिधि बताकर मोटे मुनाफे का लालच दिया और उसे कई व्हाट्सएप ग्रुपों में जोड़ दिया। इन ग्रुपों में पहले से मौजूद लोगों द्वारा फर्जी स्क्रीनशॉट के जरिए भारी मुनाफा दिखाया जा रहा था। झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 24.70 लाख रुपये जमा कर दिए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप, गूगल और फर्जी वेबसाइटों से संबंधित जानकारी जुटाई। तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपी के खातों में चार से पांच महीनों के भीतर करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ था। ठगी की रकम को विभिन्न खातों में तेजी से ट्रांसफर किया जाता था ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मलकीत सिंह निवासी बमनपुरी बकेनिया, गदरपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार-पैन कार्ड, विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक और नकदी बरामद की गई है।

