बाराकुना क्षेत्र में जंगल से नवजात शिशु का शव मिलने से मचा हड़कंप,पुलिस ने शव को लिया कब्जे में,मामले की जांच शुरू
अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी ब्लॉक अंतर्गत बाराकुना क्षेत्र में जंगल से नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रैड़ासैम-बाराकुना क्षेत्र में खेती मोटर मार्ग से करीब 50 मीटर दूर जंगल की ओर ग्रामीणों ने एक शव देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह किसी नवजात शिशु का शव है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। डॉक्टरों के अनुसार मृत नवजात बालक की उम्र लगभग 5 से 7 दिन बताई जा रही है। नवजात की नाभि में क्लिप लगी हुई मिली है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसका जन्म किसी अस्पताल में हुआ होगा।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
धौलादेवी ब्लॉक प्रभारी चंद्रशेखर बोरा ने बताया कि प्रथम दृष्टया नवजात का जन्म पांच से सात दिन पूर्व हुआ प्रतीत होता है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नवजात का शव यहां कैसे पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
