हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैम्प कार्यालय में नैनीताल जनपद में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून से पूर्व सभी कार्यों को आक्रामकता के साथ तेजी से पूरा किया जाए।
डीएम ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और जनता में सकारात्मक संदेश जाए। हल्द्वानी और रामनगर में एचपीसीएल द्वारा किए जा रहे गैस पाइपलाइन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि यूयूएसडीए और पेयजल विभाग के साथ समन्वय बनाकर सड़कों पर हॉटमिक्स से पहले पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाए। पीलीकोठी क्षेत्र में इस सप्ताह ही गैस पाइपलाइन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
रामनगर में गैस पाइपलाइन की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 20 किमी में से 15 किमी कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 5 किमी कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। वहीं हल्द्वानी में यूयूएसडीए द्वारा 17 किमी लक्ष्य के सापेक्ष 12 किमी हॉटमिक्स कार्य होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अगले 10 दिनों में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि पहली टनल में 644 मीटर में से 544 मीटर और दूसरी टनल में 600 मीटर में से 590 मीटर कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने दोनों टनलों का निर्माण मानसून से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा काफर डैम और सिंचाई नहरों का कार्य भी तेजी से जारी है।
नहर किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि चिन्हित अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और इस कार्य में सिटी मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाया जाए। साथ ही नहर किनारे लगे पेड़ों को हटाने का कार्य भी नियमानुसार किया जाए।
शहर के चौराहों के सौंदर्यीकरण को लेकर डीएम ने लोक निर्माण विभाग और यूयूएसडीए को एक माह के भीतर सभी चौराहों का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, जमरानी परियोजना के सहायक महाप्रबंधक शाहनवाज, अभय पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

