हल्द्वानी। चिकित्सा के नाम पर अवैध वसूली, लापरवाही, आर्थिक शोषण और कुप्रबंधन के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी Lalit Mohan Rayal ने हल्द्वानी स्थित Chandan Hospital के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा गठित इस समिति में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को सदस्य नामित किया गया है। समिति को अस्पताल में ली जा रही फीस, उपचार व्यवस्था और निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के पालन की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने जानकारी रखने वाले संबंधित या असंबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि यदि उनके पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी, बयान या साक्ष्य हों तो वे इस विज्ञप्ति के प्रकाशन के सात दिनों के भीतर समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस पर गठित जांच समिति के किसी भी अधिकारी के कार्यालय में जाकर अपना मौखिक या लिखित बयान दर्ज करा सकते हैं, ताकि जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।





