एसएसपी मंजुनाथ टीसी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, चलती रोडवेज बस में लगी आग, 10 यात्रियों की बची जान
नैनीताल। खाकी का फर्ज निभाते हुए डॉ. मंजुनाथ टीसी ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टाल दिया। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर देर रात एक चलती रोडवेज बस में आग लगने की घटना सामने आई, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना रात्रि लगभग 10:05 बजे भोटिया पड़ाव के पास की है। एसएसपी क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी उनके आगे चल रही UK07PA6128 रोडवेज बस (अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही) के टायर से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। बस चालक शिवराज सिंह बिष्ट इस खतरे से अनजान था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तुरंत अपनी गाड़ी से बस को ओवरटेक कर रुकवाया। बस रुकते ही उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिस टीम के साथ सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पास के पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर मंगवाकर आग पर काबू पाया गया। साथ ही कंट्रोल रूम को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया।
बस में सवार करीब 10 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बाद में यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था भी की गई।
इस दौरान एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने वाहन चालकों से यात्रा से पहले वाहनों की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की अपील की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने एसएसपी की तत्परता और साहस की सराहना की।

