ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्दुचौड़ में एमएसएमई कार्यालय का रोजगार जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की दी गई जानकारी
हल्द्वानी/हल्दुचौड़। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) भारत सरकार के हल्द्वानी कार्यालय द्वारा आज हल्दुचौड़ स्थित एन.एस. टेक्नोलॉजी कंप्यूटर शिक्षण संस्थान में रोजगार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों को केंद्र सरकार की स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
कार्यक्रम में एमएसएमई के सहायक निदेशक सुभाष चंद्र कांडपाल ने भारत सरकार द्वारा एमएसएमई के माध्यम से संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अनुदान राशि, प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई के जरिए युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है।
इस अवसर पर उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों से इन जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक किसानों, महिलाओं और युवाओं की आर्थिक प्रगति के लिए विभिन्न सरकारी एवं बैंक ऋण योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम को जिला उद्योग केंद्र के पूर्व महाप्रबंधक योगेश पांडे ने भी संबोधित करते हुए उद्यमिता विकास और स्वरोजगार के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गोविंद बल्लभ भट्ट ने विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन देते हुए शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक नवीन जोशी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रोजगारपरक कार्यक्रम युवाओं के भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर संस्थान में आयोजित किए जाएं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में श्री राम सेवक सभा का भव्य होली रंग जुलूस, एक कुंतल रंगों से सराबोर हुआ शहर, वीडियो....
error: Content is protected !!