मां, भाई और भाभी ने किया युवक पर जानलेवा हमला, चाकू से किए कई वार, काटने पड़े दोनों हाथ
उत्तराखंड में हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी मां, भाई और भाभी पर जानलेवा हमला करने और दोनों हाथ कटवा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं. युवक ने कहा कि तीनों ने उसके हाथों पर धारदार हथियार से हमला किया जिससे हाथ की हड्डियां तक निकल आईं।
मामला टिहरी गढ़वाल जिले के बालगंगा तहसील की बासर पट्टी स्थित लस्यालगांव का है. पीड़ित युवक अंग्रेज सिंह का कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते परिवार के लोगों ने ही उसके साथ अमानवीय कृत्य किया गया. उसका किसी बात को लेकर मां और भाभी से विवाद हो गया था, जिसके बाद उन्होंने उसके बड़े भाई पूरब सिंह को गांव बुलाया।
मां, भाई और भाभी ने किया जानलेवा हमला
शुक्रवार देर रात पूरब सिंह के गांव पहुंचते ही तीनों ने मिलकर अंग्रेज सिंह पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया. पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसके दोनों हाथों पर लगातार वार किए, जिससे हाथों की हड्डियां बाहर निकल आईं. इतना ही नहीं, उसके गले पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया।
गंभीर रूप से घायल अंग्रेज सिंह शनिवार सुबह से दोपहर तक गांव में असहनीय दर्द से तड़पता रहा लेकिन, उसे तत्काल इलाज नहीं दिया गया. बाद में बड़ा भाई पूरब सिंह ही उसे 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर लेकर पहुंचा. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों ने इलाज के दौरान काटे दोनों हाथ
डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए मजबूरी में दोनों हाथ काटने पड़े. उपचार के बाद अगले दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. घटना के बाद पीड़ित किसी तरह सोमवार को गांव पहुंचा और अगले दिन उसने स्थानीय चमियाला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी और मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





