महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर माँ नैना देवी मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें
रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल/भीमताल। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सरोवर नगरी नैनीताल स्थित माँ नैना देवी मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजन के लिए श्रद्धालु दूध, गंगाजल और बेलपत्र लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने भी भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में स्थित शिवलिंग पर निरंतर दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक का क्रम चलता रहा। भक्तों का कहना है कि भोले शंकर सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य स्वीकार करते हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर ठंडी सड़क शिव मंदिर, हनुमानगढ़ी गुफा महादेव और माल रोड स्थित शिव मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
वहीं भीमताल स्थित प्राचीन भीमेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है और भक्तों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना व जलाभिषेक किया जा रहा है।
मान्यता है कि द्वापर युग से जुड़ा यह प्राचीन मंदिर चंद्रवंश के राजा कल्याण चंद्र द्वारा निर्मित कराया गया था। तभी से यहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना होती आ रही है।
स्थानीय लोगों का विश्वास है कि भीमेश्वर महादेव मंदिर में मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है और दूर-दराज से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर नैनीताल और भीमताल में चारों ओर “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।














