हल्द्वानी में उफान पर गौला नदी, 10 हजार क्यूसेक के पार पहुंचा बैराज डिस्चार्ज
प्रशासन अलर्ट तो वहीं भारी बारिश का कहर
भुजियाघाट में बहे दो युवक नैनीताल मार्ग हुआ बंद
हल्द्वानी। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भीषण बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आने लगा है। काठगोदाम स्थित गौला बैराज का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है ।
अब इसका डिस्चार्ज 10 हजार क्यूसेक से अधिक पहुंच गया है।
इसके चलते गौला नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है।
एसडीएम राहुल शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल बैराज का डिस्चार्ज नियंत्रण में है लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
शहरी और ग्रामीण इलाकों में राजस्व विभाग के पटवारी, पुलिस बल और आपदा प्रबंधन टीमें निगरानी बनाए हुए हैं।शेर नाले और सूर्या नाले पर भी विशेष नजर रखी जा रही है क्योंकि भारी बारिश से इन नालों में भी जलप्रवाह तेज हो गया है।
प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के किनारे जाने से परहेज करने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तेजी से बदलते मौसम को देखते हुए सतर्कता और तैयारी पूरी है।
तो वहीं नैनीताल मार्ग पर भुजीयाघाट के पास भारी बारिश के चलते बड़ा हादसा सामने आया है।
पहाड़ टूटने से आए पानी के तेज बहाव में दो स्कूटी सवार युवक बह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय युवकों ने पानी पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज सैलाब में स्कूटी सहित बह गए।
स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर युवकों की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल उनकी कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।तेज बारिश के चलते सड़क पर नाले जैसा सैलाब आ गया, जिससे हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है।
भारी वाहनों और पर्यटकों की गाड़ियों की लंबी कतारें भुजीयाघाट से काठगोदाम तक लगी हुई हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक मौसम सामान्य न हो, पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचें।

