ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

काठगोदाम (हल्द्वानी)।भारत स्काउट एवं गाइड जनपद नैनीताल द्वारा काठगोदाम स्थित सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बेसिक, एडवांस तथा कब-बुलबुल प्रशिक्षण शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया जा रहा है।

शिविर का मुख्य उद्देश्य स्काउट-गाइड आंदोलन से जुड़े शिक्षकों एवं पदाधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा-भावना एवं राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों को सशक्त बनाना है।

शिविर के बेसिक कोर्स में कुल 55 स्काउट मास्टर एवं 59 गाइड कैप्टन प्रतिभाग कर रहे हैं, जबकि एडवांस कोर्स में 12 स्काउट मास्टर और 12 गाइड कैप्टन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कब-बुलबुल प्रशिक्षण शिविर में 17 कब मास्टर एवं 15 फ्लॉक लीडर भाग लेकर विशेष प्रशिक्षण ले रहे हैं। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति से शिविर का वातावरण अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण बना हुआ है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला मुख्यायुक्त जी. आर. जायसवाल, जिला अध्यक्ष नरेंद्र साह, जिला सचिव आर. एस. जीना, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) चंद्र लाल, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) सीमा सेन, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर (स्काउट) एम. एस. सैनी, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर (गाइड) पुष्पा दरम्वाल एवं जिला स्काउट मास्टर कमलेश सती का विशेष मार्गदर्शन मिल रहा है।

शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों सरिता सामंत, अनुराधा पांडे, जीतपाल कठैत, टी. पी. एस. गंगवार, विजय बहादुर सिंह, सुशीला जोशी, संतोष जोशी, भुवन सुठा, माया आर्या एवं लीला जोशी द्वारा विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ध्वज शिष्टाचार, बी-पी सिक्स, प्राथमिक उपचार, मैपिंग, आपदा प्रबंधन की प्रारंभिक जानकारी तथा विभिन्न राष्ट्रीय व संगठनात्मक ध्वजों के महत्व एवं उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाया गया है।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों से स्काउट-गाइड आंदोलन को मजबूती मिलती है और विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए आयोजकों व प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें :  महंगाई के बीच हल्द्वानी के युवक का देसी जुगाड़,अब खराब मोबिल ऑयल से बनेगा खाना
error: Content is protected !!