हल्द्वानी बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी (2026-28) के गठन की प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई है।
बुधवार को बार भवन में आयोजित आम सभा में सर्वसम्मति से वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद पांडे को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया।
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आकस्मिक निधि और सहायता राशि में बड़ा सुधार करते हुए किसी अधिवक्ता की मृत्यु पर परिजनों को दी जाने वाली सहायता राशि ₹25,000 से बढ़ाकर ₹1,50,000 कर दी गई है। वहीं गंभीर बीमारी के इलाज के लिए सहायता राशि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹50,000 कर दी गई है।
महिला अधिवक्ताओं के लिए एक नई पहल के तहत ₹25,000 की मातृत्व सहायता योजना शुरू करने का निर्णय भी लिया गया। आम सभा की शुरुआत में सचिव मोहन सिंह बिष्ट ने बार का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जबकि अध्यक्ष किशोर कुमार पंत ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियां साझा कीं।
उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए आधुनिक टिन-शेड का निर्माण कराया गया है, जिसमें वाई-फाई, पंखे, ट्यूबलाइट और लैपटॉप चार्जिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही परिसर में कैंटीन व्यवस्था को भी सुचारू किया गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी की नियुक्ति के साथ ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और जल्द ही विस्तृत चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। इस दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
