ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

प्रसव पीड़ा से परेशान 34 वर्षीय गर्भवती महिला ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपना पेट चीरकर नवजात शिशु को बाहर निकाला 

बहराइच। जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के नंदवल गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है।

भीषण प्रसव पीड़ा से परेशान 34 वर्षीय गर्भवती महिला ने घर में अकेले होने पर कथित रूप से सब्जी काटने वाले चाकू से अपना पेट चीरकर नवजात शिशु को बाहर निकाल लिया। महिला ने एक बेटी को जन्म दिया।

जानकारी के अनुसार, महिला ननकई को गुरुवार दोपहर अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घर में कोई मौजूद न होने के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं घर पहुंचीं तो देखा कि वह खून से लथपथ पड़ी थी और पास में नवजात बच्ची थी।

ग्रामीण महिलाओं ने तत्काल क्षेत्र की एएनएम को सूचना दी। एएनएम ने एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर शिवम मिश्रा और डॉक्टर राजेश सोनकर ने इमरजेंसी में उपचार शुरू किया, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण महिला को ट्रामा सेंटर लखनऊ भेज दिया गया। सर्जन एफआर मलिक ने बताया कि महिला की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है और उसे महिला विंग में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि महिला के पति की छह माह पूर्व मृत्यु हो चुकी है। सूचना मिलने पर उसकी मां मुन्नी देवी भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी बेटी ने प्रसव पीड़ा के कारण यह कदम उठाया।

वहीं, राहत की बात यह है कि नवजात बच्ची पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में स्तब्धता का माहौल है।

यह भी पढ़ें :  प्रॉपर्टी विवाद बना मौत की साजिश, उत्तराखंड में सनसनी, 14 करोड़ की जमीन के लिए बेटे का कत्ल, मां समेत 5 गिरफ्तार
error: Content is protected !!