ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

21 दिन की बेटी की गर्दन मरोड़ कर हत्या, सास-ससुर ने बताया ‘हत्यारिन’ मां का घिनौना कांड

बागेश्वर। बैजनाथ थाना क्षेत्र स्थित जैसर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां पर अपनी ही 21 दिन की नवजात बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी की रात नवजात बच्ची को परिजन गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत संदिग्ध लगने पर डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में बच्ची के गले पर निशान पाए गए, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि गला दबाने या गर्दन मरोड़ने से हुई है। रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मृत बच्ची के दादा केशर सिंह कोरंगा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मां दीपा देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे और घर पर अकेली मौजूद दीपा ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला का अपने सास-ससुर के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी पहले पुलिस हेल्पलाइन में काउंसलिंग भी हो चुकी थी। वहीं, महिला ने भी सास-ससुर पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं और क्रॉस एफआईआर की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि महिला का पति विदेश में नौकरी करता है और पारिवारिक कलह के चलते घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल कोर्ट का बड़ा फैसला : धर्म छिपाकर शादी के बाद हत्या मामले में आरोपी ऋषभ उर्फ ‘इमरान’ दोषी करार
error: Content is protected !!