ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। वर्तमान सुरक्षा परिप्रेक्ष्य को देखते हुए हल्द्वानी न्यायालय परिसर में उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया।

सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, न्यायिक अधिकारियों और पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर व्यापक सुरक्षा ऑडिट किया।

निरीक्षण के दौरान मा. जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी, जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी, मा. अपर जिला जज सुजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, एडीएम विवेक राय तथा एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल मौजूद रहे।

अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में मौजूदा सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा करते हुए मैनपॉवर, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और आपसी समन्वय तंत्र पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक विशेष सुरक्षा ऑडिट टीम गठित की जाएगी।

एसपी सिटी की अध्यक्षता में गठित होगी टीम

एसपी सिटी हल्द्वानी की अध्यक्षता में गठित इस टीम में शामिल रहेंगे—

न्यायालय परिसर के नामित प्राधिकारी

अभिसूचना इकाई के अधिकारी

स्थानीय थाना पुलिस

प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन

यह टीम नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेगी और आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करेगी।

इसी क्रम में एसएसपी नैनीताल द्वारा जनपद की समस्त पुलिस फोर्स को निर्देशित किया गया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी-कर्मचारी उच्च सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी तहसील में प्रदर्शन: पटवारी पर लापरवाही का आरोप, ट्रांसफर की मांग
error: Content is protected !!