ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

ऋषिकेश। दून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर रविवार रात करीब दस बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। रायवाला क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास पांच वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल और झुलस गए।

पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक कार और एक ट्राला भी इन वाहनों से जा भिड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक और कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद कुछ वाहनों में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। वाहनों से निकल रहे धुएं का गुबार दूर तक फैल गया। सूचना मिलते ही रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

इसके बाद हरिद्वार, ऋषिकेश और लालतप्पड़ से फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल और झुलस गए।

हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर रात करीब सवा बारह बजे यातायात को सुचारु कराया।

यह भी पढ़ें :  बोर्ड परीक्षा के दौरान कक्षा 10 की नाबालिग छात्रा ने स्कूल में बच्चे को दिया जन्म,छात्रा ने सुनाई पूरी आपबीती...
error: Content is protected !!