ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कुमाऊं पुलिस ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष पहल शुरू की।

कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल द्वारा “कोशिश – एक नई आशा” अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत जनपद नैनीताल के सभी थानों में विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना और उन्हें न्याय के प्रति विश्वास दिलाना रहा। इस दौरान महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना गया और मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार विशेष थाना दिवस में कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 शिकायतें महिलाओं से संबंधित थीं। सभी 49 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो के 3 मामलों का भी समाधान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया। इसमें घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के खिलाफ कानूनी प्रावधान, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी तथा छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की तत्काल रिपोर्ट करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।

अभियान के दौरान एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी., एसपी सिटी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल सहित सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के थानों में मौजूद रहे और लोगों की समस्याएं सुनीं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत पर निष्पक्ष तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  प्रेमी के लिए पति को छोड़ा, प्रेमी ने की हत्या; शव को ठिकाने लगाया और लाखों रुपये लेकर फरार
error: Content is protected !!