ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल (नैनीताल)। जनपद नैनीताल को विकास की नई गति देते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कैंचीधाम बायपास को हर हाल में 15 जून तक यातायात के लिए शुरू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को विकास भवन, भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग की कुल 1258.12 लाख रुपये (12 करोड़ 58 लाख 12 हजार रुपये) की 5 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 945.99 लाख रुपये की 4 योजनाओं का शिलान्यास तथा 312.13 लाख रुपये की 1 योजना का लोकार्पण शामिल है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और प्रदेश सरकार द्वारा योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।

पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची के 29 विषयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेशभर में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सरकार ने अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा है। इसके साथ ही दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के तहत अब तक 5,000 से अधिक होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं और 1,118 लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।

कैंचीधाम बायपास पर सख्त निर्देश

विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कैंचीधाम बायपास में बन रहे 75 मीटर स्पान के पुल में यदि विलंब की संभावना हो, तो अस्थायी वैली ब्रिज की व्यवस्था कर 15 जून तक बायपास रोड चालू किया जाए।

उन्होंने जनपद में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने और भारी वाहनों के अनुरूप सड़कों के निर्माण पर जोर दिया। साथ ही हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

सिंचाई, स्वच्छता और पर्यटन पर फोकस

सिंचाई विभाग की समीक्षा में उन्होंने क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की मरम्मत प्राथमिकता से करने, भीमताल–नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने, ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने और झीलों व नदियों से गाद निकालने के लिए वैज्ञानिक तरीकों से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके लिए आधुनिक मशीनरी खरीदने का प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया।

पंचायतीराज विभाग को निर्देश दिए गए कि गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कूड़ा निस्तारण में कम्पेक्टरों के उपयोग, जन सहयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि सभी संचालित होम स्टे में स्वच्छ शौचालय और बेहतर सफाई व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए। साथ ही होम स्टे योजना के तहत कमरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।

जन संवाद और सुझाव

कार्यक्रम के दौरान विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों से मंत्री को अवगत कराया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : गहरी खाई में समाई कार, पुलिस-SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
error: Content is protected !!