रानीखेत। साप्ताहिक समाचार पत्र रानीखेत टाइम्स के संपादक रहे स्वर्गीय जगदीश चंद्र तिवारी के निधन के उपरांत उनके आश्रित को मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
तिवारी का 3 फरवरी 2024 को निधन हो गया था, जिससे पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची थी। वे लंबे समय तक निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता के लिए समर्पित रहे।
स्वर्गीय तिवारी की पत्नी कमला तिवारी को मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का डिमांड ड्राफ्ट कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत द्वारा सौंपा गया।
इस अवसर पर आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है तथा यह सहायता राशि शोक संतप्त परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से पत्रकारों के आश्रितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना सरकार की मानवीय और कल्याणकारी सोच को दर्शाता है।
कमला तिवारी ने इस आर्थिक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी तथा जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह का आभार व्यक्त किया।














