पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां का एक जवान देश सेवा के दौरान शहीद हो गया। विकास कुमार सिक्किम में ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर शहादत को प्राप्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, 19 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात लांस नायक विकास कुमार 29 मार्च को अपने दो साथियों के साथ सिक्किम सीमा पर नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान अचानक तेज हिमस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में वे आ गए। उनके दोनों साथी सुरक्षित बच निकले, लेकिन विकास कुमार को बचाया नहीं जा सका।
सिर्फ 19 वर्ष की उम्र में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए विकास कुमार अपने पीछे पत्नी प्रीति, 8 माह का मासूम बेटा, पिता गणेश, माता मंजू देवी और बड़े भाई को छोड़ गए हैं। जवान बेटे की शहादत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
हालांकि गम के इस माहौल में भी क्षेत्रवासियों को अपने वीर सपूत पर गर्व है, जिसने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

