जानकी चंद हत्याकांड का हो गया खुलासा: पैसों के लालच में भतीजे ने कर दिया कत्ल
उधमसिंह नगर। खटीमा क्षेत्र में हुई 65 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में रहने वाली जानकी चंद की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उनके ही भतीजे ने पैसों के लालच में की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खटीमा कोतवाली में शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए अजय गणपति ने बताया कि 18 फरवरी की देर रात सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में एक मकान के अंदर वृद्ध महिला जानकी चंद का शव खून से लथपथ पड़ा होने की सूचना मिली थी।
सूचना पर खटीमा कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और आरएफएसएल कुमाऊं यूनिट की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए।
मृतका के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गईं और करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के भतीजे रवि चंद, निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा पर शक हुआ। पुलिस ने उसे झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
एसएसपी के अनुसार, रवि चंद हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। वह अपनी ताई जानकी चंद को 17 फरवरी को बैंक लेकर गया था, जहां से उन्होंने कुछ पैसे निकाले थे। पैसों की जरूरत के चलते उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने बताया कि वह शाम को मुंह में मफलर बांधकर ताई के घर गया, उनके साथ खाना खाया और मौका पाकर पीछे से मफलर से उनका मुंह और गला दबा दिया। संघर्ष के दौरान जानकी चंद फर्श पर गिर पड़ीं, जिससे उनके नाक-मुंह से खून बहने लगा।
इसके बाद आरोपी ने अलमारी से एक पर्स निकाला, जिसमें पैसे और अन्य सामान थे। किसी को शक न हो, इसलिए उसने मकान के बाहर बनी ग्रिल पर बाहर से ताला लगाया और दरवाजे की कुंडी बंद कर वहां से फरार हो गया।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभियुक्त की निशानदेही पर घटना से संबंधित माल की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे में विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह, एसआई किशोर पंत सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।














