ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रिश्तों का खौफनाक अंजाम: प्यार, अवसाद और टूटे सपनों ने ली प्रीति रावत की जान

एम्स की सहायिका की हत्या से हड़कंप, पूर्व प्रेमी सुरेश गुप्ता पर हत्या का मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शिवाजी नगर इलाके में शनिवार रात एम्स ऋषिकेश में कार्यरत 35 वर्षीय महिला सहायिका प्रीति रावत की उनके ही किराए के मकान में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के मुताबिक, वारदात शनिवार रात करीब 10 बजे की है। आरोपी ने प्रीति के कमरे का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही प्रीति ने भीतर का दरवाजा खोला, बाहर लगे जालीदार दरवाजे के पास खड़े हमलावर ने सीधे उनके सीने पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर गंभीर रूप से घायल प्रीति को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान यमकेश्वर निवासी प्रीति रावत के रूप में हुई है। वह एम्स अस्पताल में अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थीं और शिवाजी नगर गली नंबर-11 में अकेले किराये पर रह रही थीं। प्रीति तलाकशुदा थीं और उनका एक आठ वर्षीय बेटा भी है।

मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में सुरेश गुप्ता के खिलाफ मु.अ.सं. 49/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कोरोना काल के दौरान प्रीति, सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थीं। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। जब सुरेश की पत्नी को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो परिवार में विवाद शुरू हो गया। बाद में सुरेश ने प्रीति से शादी करने के लिए अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया।

बताया जा रहा है कि सुरेश ने ऋषिकेश में घर खरीदने के लिए अपनी लक्सर स्थित पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी, लेकिन मनपसंद मकान नहीं मिल पाने के चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक टूटन, आर्थिक दबाव और असफल रिश्ते के चलते आरोपी मानसिक अवसाद में था और इसी दौरान उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल में फिर वन्यजीव का हमला, घास काटने गई महिला की मौत, इलाके में दहशत

You missed

error: Content is protected !!